चैंपियंस ऑफ द अवार्ड मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा अपने सर्वोच्च सम्मान ‘चैंपियंस ऑफ द अर्थ’ अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा प्रधानमंत्री श्री मोदी को ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह अवार्ड ‘पॉलिसी लीडरशिप कैटेगरी’ के अंतर्गत फ्रेंच राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रो के साथ संयुक्त रूप से दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के नेतृत्व और 2022 तक भारत को एकल इस्तेमाल वाले प्लास्टिक से मुक्त कराने के उनके संकल्प के लिए दिया गया है। इस सम्मान को सारे देश के लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा है कि वास्तव में इस सम्मान के माध्यम से दुनिया ने प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और अपने संकल्प के प्रति समर्पण की भावना को मान्यता दी है, जो प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व की विशेषताएं हैं।