39 दिन की अबाबत की किडनी डोनेट की गई
ऑर्गन डोनेशन के बारे में बात करते समय पीएम मोदी ने देश की सबसे कम उम्र की डोनर के माता-पिता से बात की। 39 दिन की उम्र में किडनी डोनेट करने वाली अबाबत के पिता सुखबीर ने बताया कि बच्ची के पैदा होते ही उन्हें पता चला कि उसके दिमाग में नाड़ियों का ऐसा गुच्छा बना हुआ है जिसकी वजह से उसके दिल का आकार बड़ा हो रहा है। पहले 24 दिन तक तो बहुत ठीक रहा बच्चा बिल्कुल नॉर्मल रहा। अचानक उसका दिल एकदम काम करना बंद हो गया। उसे हॉस्पिटल लेके गए, वहां डॉक्टरों ने उसे बचा लिया लेकिन उसे क्या दिक्कत आई, ये समझने में वक्त लगा। उन्होंने बताया कि PGI चंडीगढ़ के डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा 6 महीने का होता तो ऑपरेशन कर सकते थे। 39 दिन की होने पर बच्ची को दोबारा दिल का दौरा आया और इस बार डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। तब सुखबीर और उनकी पत्नी ने बच्ची के ऑर्गन डोनेट करने का फैसला लिया, ताकि किसी और के जीवन में उजाला आ सके।
भारत के सामर्थ्य में नारी शक्ति की बड़ी भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि ये नवरात्र का पर्व है। नारी शक्ति की उपासना का समय है। आज भारत का जो सामर्थ्य नए सिरे से निखरकर सामने आ रहा है, उसमें बहुत बड़ी भूमिका हमारी नारी शक्ति की है। हाल फिलहाल ऐसे कितने ही उदाहरण हमारे सामने आए हैं।
एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव वंदे भारत एक्सप्रेस की भी पहली महिला लोको पायलट बन गई है।
इसी महीने प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा और डायरेक्टर कार्तिकी गोंज़ाल्विस की डॉक्यूमेंट्री ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने ऑस्कर जीतकर देश का नाम रौशन किया है।
भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की साइंटिस्ट बहन ज्योतिर्मयी मोहंती को केमिस्ट्री और केमिकल इंजिनियरिंग के क्षेत्र IUPAC का विशेष अवॉर्ड मिला है।
इस वर्ष की शुरुआत में ही भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने T-20 वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचा है।
नगालैंड में 75 वर्षों में पहली बार दो महिला विधायक जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। इनमें से एक को नगालैंड सरकार में मंत्री भी बनाया गया है।
ग्रुप कैप्टन शालिजा धामी कॉम्बैट यूनिट में कमांड अपॉइंटमेंट पाने वाली पहली महिला वायुसेना अधिकारी बनी हैं। उनके पास करीब 3 हजार घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरिएंस है।
भारतीय सेना की जांबाज कैप्टन शिवा चौहान सियाचिन में तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारी बनी हैं। सियाचिन में जहां पारा माइनस सिक्सटी (-60) डिग्री तक चला जाता है, वहां शिवा तीन महीनों के लिए तैनात रहेंगीं।
भारत की जांबाज बेटियां तुर्किए में विनाशकारी भूकंप के बाद वहां के लोगों की मदद के लिए गयी थीं। ये सभी NDRF के दस्ते में शामिल थी।
भारत का सोलर मिशन तेजी से आगे बढ़ रहा है
पीएम मोदी ने कहा कि भारत सोलर एनर्जी के क्षेत्र में जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, वो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। भारत में सूर्य की शक्ति को लेकर जो वैज्ञानिक समझ रही है, सूर्य की उपासना की जो परंपराएं रही हैं, वे अन्य जगहों पर कम ही देखने को मिलती हैं। सबका प्रयास की यही भावना आज भारत के सौर ऊर्जा मिशन को आगे बढ़ा रही है।
पुणे में एक सोसायटी में लोगों ने मिलकर सोलर पैनल लगवाए। इन पैनलों से हर साल 89 हजार किलोवाट आवर बिजली पैदा हो रही है, जिससे हर महीने 40 हजार रुपए की बचत हो रही है। वहीं, दीव भारत का पहला ऐसा जिला बना है, जो दिन के समय सभी जरूरतों के लिए पूरी तरह से क्लीन एनर्जी का इस्तेमाल कर रहा है।
गुजरात में 17 से 30 अप्रैल तक चलेगा सौराष्ट्र-तमिल संगमम
पीएम ने कहा कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना हमारे देश को मजबूती देती है। हम जब एक-दूसरे के बारे में जानते हैं, सीखते हैं, तो एकता की ये भावना और प्रगाढ़ होती है। काशी-तमिल संगमम के दौरान काशी और तमिल क्षेत्र के बीच सदियों से चले आ रहे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को सेलिब्रेट किया गया।
एकता की इसी भावना के साथ अगले महीने गुजरात के विभिन्न हिस्सों में 17 से 30 अप्रैल तक ‘सौराष्ट्र-तमिल संगमम’ होने जा रहा है। सदियों पहले सौराष्ट्र के अनेक लोग तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बस गए थे। ये लोग आज भी ‘सौराष्ट्री तमिल’ के नाम से जाने जाते हैं।
100 वां ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर हो रही विशेष तैयारियां
गौरतलब है कि अगले महीने 30 अप्रैल को पीएम मोदी का मन की बात का 100वां ऐपिसोड होगा। भाजपा और सरकार की तरफ से इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। एक लाख से अधिक बूथ पर स्क्रीन लगाकर इसे लोगों को सुनाने की योजना बनाई जा सकती है।
रिपोर्ट्स की मानें तो इस कार्यक्रम को दुनिया भर में भी प्रसारित करने किया जा सकता है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ग्लोबल लीडर हैं। सभी देश प्रधानमंत्री के काम की सराहना करते हैं। लोग उन्हें सुनना चाहते हैं। हमारा मकसद है कि हम प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को अधिक से अधिक देशों में प्रसारित करें।