सेना और शिवराज पर पत्थर फेंकना राहुल गांधी की साजिश – सुभाष पटेल

– मुख्यमंत्री पर हुए प्राणघातक हमले के विरोध में भाजपाइयों ने दिया धरना, महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
खरगोन। काश्मीर घाटी में सेना के जवानों पर और मप्र में यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पर पत्थर फेंकना कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की चाल है। कांग्रेस के लोगों ने ही षड़यंत्रपूर्वक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के घर बैठकर योजना बनाई कि मुख्यमंत्री श्री चौहान पर कैसे पत्थर फेंकना है। इसमें कांग्रेस के आईटी सेल के पदाधिकारी गिरफ्तार भी हुए हैं और उन्होंने साजिश करना स्वीकार किया है। मध्यप्रदेश और देश के विकास से घबराए कांग्रेस के लोग राष्ट्रीय विचारधारा की पार्टी भाजपा को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन आम जनता उनके मंसूबे पूरे नहीं होने देगी।
यह बात खरगोन सांसद सुभाष पटेल ने चुरहट में मुख्यमंत्री श्री चौहान पर कांग्रेसियों द्वारा किए प्राणघातक हमले के विरोध में स्थानीय टीआईटी काम्पलेक्स पर जिला भाजपा द्वारा दिए धरना आंदोलन के दौरान कही। इस दौरान भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट तक रैली निकालकर महामहिम राज्यपाल महोदया के नाम एसडीएम अभिषेक गेहलोत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन करते हुए जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने मुख्यमंत्री पर प्राणघातक हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। इससे पूर्व टीआईटी काम्पलेक्स पर धरना आंदोलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चौहान ने कहा पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पर कांग्रेसियों ने कायराना प्राणघातक हमला किया है। कांग्रेसियों ने पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान को मदारी, नालायक, वेश्या आदि घृणित शब्दों से संबोधित किया। जनता में झूठ और भ्रम फैलाने वाले कांग्रेसी अब काश्मीरी पत्थरबाजों की भांति मुख्यमंत्री पर हमला कर उनकी जान लेने पर उतारू है। कांग्रेसियों की इन घिनौनी हरकतों पर अब हम चुप रहने वाले नहीं है। हम कांग्रेस के इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही कांग्रेस को चेतावनी देते हैं कि वे बहस के लिए सामने आए। अपने 50-60 साल के कार्यों को सामने रखे और बताए कि उन्होंने देश व प्रदेश में क्या विकास किया है और हमने प्रदेश में 15 व केंद्र में पांच साल में क्या किया है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया धरना आंदोलन को व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक कल्याण अग्रवाल, सीसीबी अध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, अजा नेता जगदीश रोकड़े, पूर्व विधायक गजानंद पाटीदार, आत्माराम पटेल, गोगावां मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता राजेंद्र परसाई, ताराचंद यादव आदि ने संबोधित किया। सभी ने कांग्रेसियों के कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। इस दौरान जिला महामंत्री मयाराम पाटीदार, महेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राठौर, साधना बड़ोले, मंत्री रितेश रोकड़े, कोषाध्यक्ष ललित सोनी, जिला कार्यालय मंत्री मोहन राठौड़, जमनासिंह सोलंकी, नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश पंड्या, नगर मंडल प्रभारी गुलाबचंद भावसार, महिला मोर्चा जिला महामंत्री छाया जोशी, सुनीता जायसवाल, सुमन पाटीदार आदि मंचासीन थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिलेभर से आए भाजपा के जिला, मंडल व मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संचालन जयप्रकाश पटेल ने किया।
धरना आंदोलन में किसने क्या, कहा…
पूर्व विधायक गजानंद पाटीदार ने कहा हम धरने के माध्यम से कांग्रेसियों को संदेश देना चाहते हैं कि वे अपनी औकात में रहे। मुख्यमंत्री पर हमले जैसी हरकत से बाज आकर जनता के सामने जाने की हिम्मत करें। अजा नेता जगदीश रोकड़े ने कहा अजा-अजजा वर्ग के लोगों को कांग्रेसी बरगला रहे हैं लेकिन मैं बताना चाहता हूं भाजपा वह पार्टी है जिसने एक दलित कार्यकर्ता रामनाथ कोविंद को महामहिम राष्ट्रपति व एक अन्य दलित कार्यकर्ता बंगारू लक्ष्मण को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया। कांग्रेस का ऐसा कोई इतिहास रहा हो तो वह बताए। सीसीबी अध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर ने कहा जनआशीर्वाद यात्रा की सफलता और मुख्यमंत्री को मिले जनसमर्थन से कांग्रेसियों के होस उड़ गए हैं। उन्होंने षड़यंत्रपूर्वक मुख्यमंत्री पर हमला किया। व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक कल्याण अग्रवाल ने कहा भाजपा सरकारों ने समाज के सभी वर्गों का जीवन स्तर सुधारने का कार्य किया है लेकिन कांग्रेसी शांति के टापू मप्र पर पत्थरों की बरसात कर रहे हैं। गोगावां मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा पहले चोर-डाकू रास्ते में पत्थरबाजी कर राहजनी की वारदात करते थे। अब यह काम चुरहट लॉटरी कांड व देश के चोर-लुटेरे कांग्रेसी कर रहे हैं। पूर्व विधायक आत्माराम पटेल ने कहा मुख्यमंत्री श्री चौहान को जन आशीर्वाद यात्रा में अपार जनसमर्थन मिल रहा है। इससे कांग्रेसी बोखला गए हैं। जनता कांग्रेस को आइना दिखाएगी। आने वाले चुनाव में कांग्रेस का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। वरिष्ठ नेता राजेंद्र परसाई ने कहा प्रदेश में चौथी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। ताराचंद यादव ने कहा जातियों के नाम पर समाज को बांटने वाली कांग्रेस अगले 100 साल प्रदेश में नहीं आ सकती।