रेल सुविधाओं के लिए मध्यप्रदेश को मिली सर्वाधिक राशिः विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष ने सर्वाधिक बजट के लिए जताया प्रधानमंत्री जी का आभार

भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार मध्यप्रदेश में रेल सुविधाओं के विकास और विस्तार के लिए दृढ़ संकल्पित है। यही वजह है कि केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद से मध्यप्रदेश को रेल मद में मिलने वाली राशि लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2022-23 के बजट में भी मध्यप्रदेश को कुल मिलाकर 12110 करोड़ का आवंटन किया गया है, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताता हूं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने केंद्रीय बजट में मध्यप्रदेश को किए गए आवंटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार से पहले यूपीए की सरकार ने वर्ष 2009 से 2014 तक मध्यप्रदेश को रेल सुविधाओं के लिए सिर्फ 632 करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद वर्ष 2014 से 2019 तक 4213 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। प्रदेश के विकास के प्रति मोदी सरकार की उदारता का सिलसिला यहीं नहीं रुका, बल्कि वर्ष 2019-20 में 6906 करोड़, 2020-21 में 6509 करोड़, 2021-22 में 7700 करोड़ और वर्ष 2022-23 में 12110 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। श्री शर्मा ने बताया कि आवंटित राशि से मध्यप्रदेश में 1979 कि.मी. नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। 1412 कि.मी. का गेज परिवर्तन किया जाएगा। इसके साथ ही 3368 कि.मी. रेल लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास के प्रति मोदी सरकार की सोच का ही परिणाम है कि यहां लगातार रेल सुविधाओं का विकास और विस्तार हो रहा है। किसी समय असंभव लगने वाली परियोजनाएं अब पूर्ण होने जा रही हैं और प्रदेश में रेल सुविधाओं को लेकर लोगों ने जो सपने देखे थे, वो अब साकार होने लगे हैं।