गरीबों का हक रोकने कांग्रेस पहुंची कोर्ट में: मुख्यमंत्री


छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि इस धरती के संसाधनों पर गरीबों का भी हक है, उन्हें रोटी कपड़ा मकान चाहिए। हर गरीब के हक की दिशा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार काम कर रही हैं लेकिन कांग्रेस गरीबों का हक रोकने के लिए कोर्ट में पहुँच गयी। कांग्रेस के नेता नहीं चाहते कि गरीबों को प्रदेश के संसाधनों में हक मिले। गरीबों के कल्याण की योजनाओं को रोकना राजनीतिक परंपरा नहीं रही। इससे कांग्रेस का भला होने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री आज यहां छिंदवाड़ा में प्रेस से बात कर रहे थे। जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान छिंदवाडा पहंुचे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज छिंदवाडा सर्किट हाउस में लोकतंत्र सेनानियों को ताम्रपत्र भेंटकर उनका अभिनन्दन किया। मुख्यमंत्री ने पत्रकार बंधुओ से चर्चा करते हुए कहा कि हमने गरीबों के उत्थान के लिए संबल योजना बनाई लेकिन कांग्रेस के लोगों को यह भी रास नहीं आ रहा है। इसीलिए कांग्रेसी नेता संबल योजना रोकने के लिए कोर्ट में पहुंच गए। कांग्रेसी नेता यह भी नहीं चाहते की गरीबों को 200 में प्रतिमाह बिजली मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबल योजना प्रदेश में निरंतर जारी रहेगी।

डंपर व्यापमं में कुछ नहीं मिला अब कमर के नीचे वार कर रहे हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने पहले डंपर घोटाला, फिर व्यापमं घोटाला को लेकर मेरे और मेरे परिवार पर अनर्गल आरोप लगाए। कांग्रेस के नेता प्रदेश के न्यायालयों से होकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे लेकिन जब उन्हें तसल्ली नहीं हुई तो वे कमर के नीचे वार करने लगे। मेरी पत्नी को भी नहीं छोड़ा कहने लगे। गोंदिया के 13 लोग भर्ती किए गए लेकिन गोंदिया का ही नहीं महाराष्ट्र से भी एक भी व्यक्ति भर्ती नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पूरी ईमानदारी से जांच कराई हार्ड डिस्क में कोई छेड़छाड़ नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने कहा मैं किसान का बेटा-मुख्यमंत्री हूं यही बात कांग्रेस के बड़े घरानों को रास नहीं आ रही है।

एट्रोसिटी एक्ट का दुरुपयोग नहीं होने दूंगा

मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा यह देश ऐसा बगीचा है जिसमें अलग-अलग रंग के फूल खिले हुए हैं। हर फूल अपने स्वाभाविक आकार में खिले और सुगंध बिखेरे यह जरूरी है और सब का आदर और सब का सम्मान यह भारतीय जनता पार्टी की भी नीति है। मैं प्रदेश के अंदर अनुसूचित जाति जनजाति संरक्षण कानून का किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ दुरुपयोग नहीं होने दूंगा।

2003 का छिंदवाड़ा मॉडल बताएं कमलनाथ

छिंदवाड़ा मॉडल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2003 से पहले का छिंदवाड़ा मॉडल कहां था जरा उसका जिक्र करें। कमलनाथ को आज जो कुछ विकास दिखाई दे रहा है वह भाजपा की देन है, कांग्रेस की नहीं। उनके राज में बिजली कंपनी कमलनाथ जी के हिसाब से चलती थी, लेकिन प्रदेश में बिजली गायब रहती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस किस दिशा में राजनीति को ले जाना चाहती है ? मध्यप्रदेश शांति का टापू है। हमारे यहाँ वैचारिक मतभेद रहे लेकिन मन भेद कभी नहीं रहे। मैंने कभी किसी नेता के खिलाफ कुछ नहीं कहा। मैं विचारों की बात करता हूं। लोकतंत्र में विचारों के आधार पर बात होनी चाहिए।

हमारा मूल मंत्र सामाजिक समरसता

मुख्यमंत्री ने कहा हमारा मूल मंत्र सामाजिक समरसता है, सबका साथ सबका विकास है। हम किसी एक वर्ग को छोड़कर दूसरे वर्ग के विकास की बात नहीं करते। हम समग्र रूप से सभी वर्गों के विकास की बात करते हैं।