महाकंुभ के लिए भूमिपूजन 3 को, बूथों पर 17 को होंगे आनलाइन रजिस्टेªशन
भोपाल। केंद्र में हमारी सरकार है, देश के कई राज्यों में हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकारें हैं और मध्यप्रदेश में भी हम लगातार चैथी बार सरकार बनाएंगे। 21 वीं सदी भारतीय जनता पार्टी की सदी है। यह दावा सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया। श्री सिंह ने 25 सितम्बर को भेल के जंबूरी मैदान पर आयोजित किए जा रहे पार्टी के कार्यकर्ता महाकुंभ की जानकारी भी मीडिया से साझा की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पं. दीनदयाल जी की 102 वीं जयंती पर प्रदेश में चैथी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ पार्टी तीसरे कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन करने जा रही है। महाकुंभ 25 सितम्बर को भेल के जंबूरी मैदान पर होगा और इसके लिए भूमिपूजन 3 सितम्बर को जन्माष्टमी के दिन किया जाएगा और इसी दिन से महाकुंभ के लिए स्थापित कंट्रोल रूम भी काम करना शुरू कर देगा। उन्होंने बताया कि इस बार महाकुंभ के लिए कार्यकर्ताओं के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी होंगे और बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख से ऊपर के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसमें भाग लेंगे। इसके लिए 17 सितंबर को एक साथ बूथ स्तर पर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
श्री सिंह ने बताया कि इस आयोजन में व्यवस्था की जिम्मेदारी भोपाल एवं आसपास के जिलों के कार्यकर्ताओं पर रहेगी और आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री, जिला एवं बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पिछली दो बार की तरह इस बार जनआशीर्वाद यात्रा का समापन कार्यकर्ता महाकुंभ में नहीं होगा, बल्कि वह चुनाव तक निरंतर जारी रहेगी। इस महाकुंभ के लिए हर संभाग के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग रंग की प्रवेशिका दी जायेगी। महाकुंभ के लिए विशेष गीत और लोगो तैयार करने का काम भी चल रहा है।
कांग्रेस भ्रम फैला रही है
पत्रकार वार्ता में जब मीडिया प्रतिनिधियों ने श्री सिंह का ध्यान कांग्रेस द्वारा किए जा रहे सरकार बनाने के दावों की तरफ आकर्षित किया, तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर भ्रम पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही है। इस दौरान हुए अनुभवों के बाद ही जनता ने भाजपा को चुना और इस बार भी चुनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा में जैसी भीड़ उमड़ रही है और देर रात तक लोग जिस तरह मुख्यमंत्री का इंतजार करते हैं, उससे स्पष्ट है कि पार्टी को इस बार भी पूर्ण बहुमत मिलेगा और पिछली बार से कहीं ज्यादा सीटें मिलेंगी।
अटलजी जैसे लोग सदियों में पैदा होते हैं
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी की अस्थि कलश यात्रा को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अटलजी जैसे लोग सदियों में पैदा होते हैं और वे राजनीति से परे हैं। उन्होंने कहा कि लोग अटलजी की अंतिम यात्रा में शामिल होना चाहते थे, दर्शन करना चाहते थे, लेकिन सब के लिए एक साथ ऐसा कर पाना संभव नहीं था। उन्हीं लोगों को एक अवसर देने के लिए स्व. अटलजी की अस्थिकलश यात्रा निकाली गईं। उन्होंने कहा कि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू और श्रीमती इंदिरा गांधी की अस्थियां भी पूरे देश में विसर्जित की गई थीं।