बिहार / पटना साहिब से शत्रुघ्न का टिकट कटा, उनकी जगह केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद लड़ेंगे



मोदी विरोधी शत्रुघ्न सिन्हा दो बार पटना साहिब से सांसद रहे
राजीव प्रताप रूडी सारण से चुनाव लड़ेंगे, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को नवादा की बजाय बेगूसराय से टिकट
भाजपा इस बार 22 की बजाय 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही, 5 सीटें उसने सहयोगी दलों को दी
पटना. एनडीए ने बिहार की लोकसभा सीटों पर गठबंधन के 39 उम्मीदवारों का शनिवार को ऐलान कर दिया। खगड़िया सीट से लोजपा उम्मीदवार का ऐलान बाद में किया जाएगा। पटना साहिब सीट से मौजूदा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट कट गया है। उनकी जगह केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उनकी सीट नवादा की बजाय बेगूसराय से टिकट दिया गया है। 2014 में 22 सीट जीतने वाली भाजपा इस बार 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन के कारण सतीश चंद्र दुबे, बीरेंद्र कुमार चौधरी, जनक राम, ओमप्रकाश यादव, हरि मांझी की जीती हुई पांच सीटें सहयोगी दलों के खाते में चली गई हैं। नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह को बेगूसराय से टिकट मिला है। 2014 में यहां से भाजपा के भोला सिंह जीते थे। नवादा सीट भी भाजपा ने सहयोगी लोजपा को दे दी है। अपनी जीती 16 सीटों के अलावा भाजपा अररिया से भी चुनाव लड़ रही है। पिछली बार यह सीट राजद के तस्लीमुद्दीन ने जीती थी। उनके निधन के बाद उनके बेटे इस सीट पर उपचुनाव जीते थे। हुकुमदेव नारायण यादव की जगह उनके बेटे अशोक यादव को मधुबनी से टिकट दिया गया है। अशोक पूर्व विधायक हैं। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जाने वाले कीर्ति आजाद की जगह गोपालजी ठाकुर को दरभंगा से टिकट दिया गया है।