भोपाल। भाजपा के प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सोनिया गांधी को लिखे गए पत्र के वायरल होने और फिर श्री दिग्विजय सिंह द्वारा इस पत्र को फर्जी बताए जाने कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और पार्टी के अंदर मचे घमासान का नमूना बताया है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल से एक पत्र को शेयर किया है। यह पत्र दिग्विजय सिंह द्वारा सोनिया गांधी को लिखा गया है। पत्र को शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि यह पत्र फर्जी है और इसे मैंने इसे कभी नहीं लिखा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने इस प्रकरण को कांग्रेस में मची खींचतान का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा है कि यदि दिग्विजय सिंह का यह पत्र वास्तव में फर्जी होता, तो एक अनुभवी राजनेता की तरह दिग्विजय सिंह उसके बारे में पार्टी में और अन्य उचित प्लेटफॉर्म पर शिकायत करते। लेकिन ऐसा न करके उन्होंने उसे फर्जी बताते हुए ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है, इससे स्पष्ट है कि वे पत्र में लिखी गई बातों को अपने फॉलोअर्स, मीडिया और अपने लक्ष्य तक पहुंचाना चाहते हैं। वह अपनी बात कहां तक पहुंचाना चाहते है, यह सब जानते हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह जी जो अनुभवी राजनेता हैं, राजनीति के कुशल खिलाड़ी हैं, वह स्वयं यदि इस प्रकार का कार्य कर रहे हैं, तो इसके पीछे रहस्य जरूर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से साबित हो रहा है कि कांग्रेस में गुटीय संघर्ष चरम पर है। श्री अग्रवाल ने कहा कि इससे पहले भी दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कह रहे हैं कि मेरे भाषण देने या प्रचार करने से पार्टी के वोट कट जाते हैं। इस वीडियो के जरिए भी दिग्विजय सिंह ने अपना असंतोष ही जाहिर किया था।