प्रदेश कार्यसमिति बैठक में वीडियो, प्रेजेंटेशन से समझाई जनसंपर्क अभियान की प्रमुख बातें
भोपाल। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के प्रथम सत्र में वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी जी के कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जाने वाले विशेष संपर्क अभियान की जानकारी वीडियो एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस सत्र में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने संबोधित किया। इसके पूर्व पिछली कार्यसमिति की बैठक की कार्रवाई का अनुमोदन प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा द्वारा किया गया एवं दिवंगत नेताओं, पार्टीजनों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
23 और 24 के दोनों चुनावों में जीत दिलाएगा विशेष संपर्क अभियानः तरुण चुघ
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने 30 मई से 30 जून तक चलने वाले विशेष संपर्क अभियान की जानकारी वीडियो एवं पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बैठक में प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आगामी चुनाव का शंखनाद होगा, जिसमें हमें मोदी सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों तथा प्रदेश सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाना है। श्री चुघ ने कहा कि इस अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक समितियों का गठन होगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान 16 लाख से अधिक कार्यकर्ता करोड़ों लोगों से संपर्क करेंगे और उनसे मिस्ड कॉल कराकर मोदी सरकार के लिए समर्थन मांगेंगे। श्री चुघ ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान विशिष्ट परिवारों से संपर्क, पत्रकारवार्ता, सोशल मीडिया एन्फ्लूएंशर्स के साथ बैठक, व्यापारियों के साथ बैठक, विकास तीर्थों का भ्रमण, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन तथा लाभार्थी सम्मेलन जैसे अनेक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान देश में 51 बड़ी रैलियां होंगी और हर लोकसभा में एक सभा होगी। 30-31 मई को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एक सभा के माध्यम से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। श्री चुघ ने कहा कि एक महीने का यह अभियान हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह हमें 2023 तथा 2024 में होने वाले चुनावों में जीत दिलाएगा।
मोदी जी का कार्यकाल इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जायेगा : तोमर
कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने देश की स्थिति को सुधारा और आज भी उस सरकार के कार्यकाल की कोई आलोचना नहीं कर सकता। वाजपेयी जी के बाद अब देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली पूर्ण बहुमत की सरकार है जो और भी सशक्त है। प्रधानमंत्री मोदी जी का व्यक्तित्व और कृतित्व हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी है। मोदी सरकार ने ऐसे काम किए हैं कि देश की आजादी के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारे अनेक युवा साथियों को यह पता नहीं होगा कि 2003 से पूर्व मध्यप्रदेश की स्थिति कैसी थी ? न सडक, न बिजली और न पानी था। लेकिन आज हम गर्व से कह सकते हैं कि प्रदेश में मौलिक आवश्यकता की हर चीज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह के कुशल नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने मुहैया कराई है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार द्वारा लागू की गई रोजगार शिक्षा गारंटी योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि इस योजना कैसे युवक के पायलट बनने के सपने को साकार किया। उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की योजनाएं लोगों का जीवन बदल रही हैं। इन योजनाओं के लाभार्थी हर घर में मौजूद हैं। हमें इन लाभार्थियों से संपर्क करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों पर हम सभी को गर्व है और जब कार्यकर्ता गर्व तथा उत्साह से भरे होंगे तो 2023 और 2024 में हमारी जीत को कोई नहीं रोक सकता।
मध्यप्रदेश जैसे कार्यकर्ता पूरे देश में नहींः कैलाश विजयवर्गीय
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता जैसे गंभीर, समझदार कार्यकर्ता पूरे देश में देखने को नहीं मिल सकते। उन्होंने कहा कि यह स्व. कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा सींची गई खेती है, जिसे कोई पराजित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी जब भी किसी जिले में जाएं, तो उन बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से अवश्यक मिलें, जिन्होंने प्रदेश में संगठन को खड़ा करने में योगदान दिया है। उन्होंने कर्नाटक चुनाव परिणाम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 37 सीटें ऐसी रही हैं, जिनमें पार्टी प्रत्याशी मात्र 500 से 9000 वोटों से पराजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास सब कुछ है। हमारी सरकारें विकास के कीर्तिमान बढ़ा रही हैं और लोगों का जीवन बदलने का काम कर रही हैं। सरकार की योजनाओं को लेकर अगर प्रदेश के सभी कार्यकर्ता मैदान में उतर जाएं, तो हमारी जीत सुनिश्चित है।
सौ फीसदी काम पूरा होने तक रुकना नहीं हैः हितानंद जी
बैठक में वृत्त प्रस्तुत करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि हमने स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी की जयंती से बूथ सशक्तीकरण अभियान शुरू किया था। इस अभियान के अंतर्गत पूरे देश में 75 लाख एंट्री की गई हैं, जिनमें से 37 लाख से अधिक मध्यप्रदेश की हैं। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 100 विधानसभाओं में 90 प्रतिशत से अधिक काम किया जा चुका है। हम अब तक 80 प्रतिशत से अधिक पन्ना प्रमुखों की नियुक्तियां कर चुके हैं, लेकिन हमें 100 फीसदी काम पूरा हो जाने तक रुकना नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके बाद बूथ सशक्तीकरण का भी दूसरा चरण बूथ विजय संकल्प अभियान चल रहा है । अब तक 5948 क्लस्टर और 719 मंडलों में यह अभियान शुरू हो चुका है। इसमें शक्ति केंद्रों पर संगत, पंगत और खेलों के कार्यक्रम होंगे तथा कार्यकर्ता बूथ जीतने का संकल्प लेंगे। इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की सहभागिता रहनी चाहिए। श्री हितानंद जी ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 30 मई से प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक रूप से होना चाहिए। इस दौरान सभी मोर्चों के अध्यक्षों ने अपने-अपने अभियानों की जानकारी दी।
जो काम प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया, वो पहले किसी ने नहीं कियाः लालसिंह आर्य
बैठक को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि प्रदेश में आजादी के बाद 47 सालों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन कभी किसी सरकार ने अनुसूचित जाति के भाई-बहनों का महाकुंभ आयोजित करने की बात नहीं सोची। प्रदेश की शिवराज सरकार ने फरवरी में सागर में तीसरा महाकुंभ आयोजित किया था, जिसमें समाज के एक लाख से अधिक लोग मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस महाकुंभ में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सागर में 100 करोड़ की लागत से संत रविदास मंदिर की बनाने की घोषणा की थी, जिसका भूमिपूजन जल्द ही होने वाला है। उन्होंने कहा कि संत रविदास के मंदिर निर्माण के लिए एक अभियान चलेगा, जिसमें हर घर से एक मुट्ठी मिट्टी और नदी, बावड़ियों का जल एकत्र किया जाएगा। अभियान के लिए प्रदेश, जिला, विधानसभा और मंडल स्तर पर टोलियों का गठन किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक विधानसभा में संत रविदास रथ भ्रमण करेगा, जिस पर संति रविदास जी का चित्र होगा। यह रथ अनुसूचित जाति बहुल गांवों, बस्तियों में जाएगा और सामाजिक समरसता का संदेश देगा। इस दौरान मंदिर के लिए शिलापूजन भी होगा तथा शिलाओं को मंदिर निर्माण स्थल तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए एक ट्रस्ट का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया था तथा मध्यप्रदेश में संत रविदास जी के भव्य मंदिर के निर्माण से पूरे देश में यह संदेश जाएगा।