भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने भोपाल में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता महाकुंभ की भारी सफलता के लिए प्रदेश भर से आए लाखों कार्यकर्ताओं, आयोजन की व्यवस्था में जुड़े हजारों कार्यकर्ताओं सहित सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता महाकुंभ मंगलवार को राजधानी के जंबूरी मैदान पर आयोजित किया गया था। इस महाकुंभ में प्रदेश के 65 हजार बूथों से आए लाखों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा है कि रास्ते में परेशानियां भी आयी होंगी, इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने महाकुंभ में भाग लेकर संगठन के प्रति समर्पण की जिस भावना का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है। श्री राकेश सिंह ने कहा कि इतने बड़े आयोजन के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिस अनुशासन का परिचय दिया है, वह भी भाजपा के कार्यकर्ताओं की पहचान है। श्री सिंह ने कहा है कि महाकुंभ के आयोजन के दौरान यह ध्यान रखा गया था कि राजधानी की जनता को इससे किसी तरह की परेशानी न हो। फिर भी यदि इस आयोजन के कारण शहर के नागरिकों को किसी तरह की परेशानी हुई है, तो भारतीय जनता पार्टी इसके लिए क्षमा प्रार्थी है।