‘हम’ की भावना से बढ़ती है हमारी ताकत- डॉ. मोहन यादव
‘हम’ की भावना से बढ़ती है हमारी ताकत- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता इस भाव से काम नहीं करता कि मैं राजनीति में काम कर रहा हूं। वह क्षेत्र के विकास और भारत माता की सेवा के लिए काम करता है। अपनी भूमिका को कैसे और आगे बढ़ाऊं, अपनी कमजोरियों को दूर कर किस तरह अच्छाईयों को धारण करूं। इसी भावना के साथ हमारी निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई और किसी को पता नहीं चला। हमारे बीच ‘तुम’ नहीं, ‘हम’ की भावना है और इसी से हमारी ताकत बढ़ती है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे संगठन पर्व का एक चरण पूरा हो गया है, लेकिन हम सभी यह संकल्प लें कि अपने-अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए मध्यप्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी संगठन प्रक्रिया बड़ी सहजता के साथ संपन्न हुई, लेकिन चुनौतियां अभी भी हमारे सामने हैं। हमारे विरोधी षडयंत्र पर षडयंत्र रच रहे हैं और इन षडयंत्रों के बलबूते पर अपने मंसूबों को पूरा करना चाहते हैं। जिन्होंने संविधान की हत्या की, वो संविधान हाथों में लेकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। अपने आपको कानून से भी ऊपर मानकर चलते हैं। जिन्होंने जीवन भर बाबा साहब अंबेडकर जी को अपमानित करने का काम किया, वो उनके नाम पर वोट बटोरने की साजिश रच रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे संकटों से हम 1951 से निपटते आए हैं और आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हम जो राजनीति करते हैं, वो देश की जड़ों से जुड़कर करते हैं। डॉ. यादव ने सनातन संस्कृति का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका वृक्ष, फल-फूल, पत्तियां सब नीचे हैं और जड़ें आसमान में हैं। इसलिए दुनिया के अनेक देशों की संस्कृति मिट गई या बदल गई, लेकिन हमारी संस्कृति आज भी कायम है।
