भाजपा सरकार अभी संभाग स्तर पर फिर हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने जा रही है - डॉ. मोहन यादव
मध्यप्रदेश भाजपा की कल्पनाशीलता है सेवा का प्रकल्प - डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लगातार विस्तार के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना बनाकर गरीबों, वंचितों और बुजुर्गों को पांच लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल की कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता की सेवा के प्रति उनके लगन और कल्पनाशीलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है पार्टी का यह ‘सेवा प्रकल्प‘। यह योजना भाजपा संगठन और सरकार की जनता के प्रति सेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इतनी बड़ी संख्या में चिकित्सा प्रकोष्ठ के चिकित्सागण व कार्यकर्ता यहां उपस्थित हैं, जिससे पार्टी के साथ सरकार को भी भरोसा हो गया कि आने वाले दिनों में यह सभी लोग जनता की सेवा के लिए पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। हमारी सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में 55 जिले हैं और 52 जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, निर्माणाधीन हैं या बनाने के लिए टेंडर प्रक्रियाधीन हैं। प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर हमारी सरकार एक रूपए की दर से 25 एकड़ जमीन मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए उपलब्ध करा रही है।
कांग्रेस सरकारों में प्रतिभा का पलायन होता रहा, मेडिकल कॉलेज खोलने की नहीं मिलती थी अनुमति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश भर में बहुत तेज गति से मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। केंद्र में जब लगातार कांग्रेस की सरकारें थीं, मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) के जरिए ऐसे कड़े नियम बनाए थे कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए अनुमति ही नहीं मिल पाती थी। मेडिकल कॉलेज नहीं होने से मध्यप्रदेश सहित देशभर की बौद्धिक प्रतिभाओं का पलायन होता रहा, लेकिन कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद नियमों में सुधार किया गया और अब लगातार मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने नियमों में सुधार कर चिकित्सक बनने वाले युवाओं को बड़ी सौगात दी है। आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हो जाएंगे। मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए जिला अस्पतालों को भी देने का कार्य किया जा रहा है। सभी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण समय-सीमा में पूरा हो, सरकार इस पर भी पूरा ध्यान दे रही है। मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक स्वास्थ्य अमला जैसे नर्सिंग स्टॉफ, पैरामेडिकल स्टॉफ व अन्य टेक्निकल स्टॉफ की भी समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
