केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने श्री हेमंत खंडेलवाल को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन अधिकारी, केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की, साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा की गई।
केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपकर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल सभी को साथ लेकर चलते हुए पार्टी संगठन को मजबूती देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संगठन पर्व के एक चरण के समापन के बाद अब हम सभी म.प्र. को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकास की योजनाएं श्री हेमंत खंडेलवाल के दिमाग में चलती रहती हैं। सीएम राइज स्कूल योजना में श्री हेमंत खंडेलवाल के सुझाव भी शामिल थे। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को और आगे ले जाने सभी कार्यकर्ता संकल्प लें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हमारा संगठन पितृपुरूषों, कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान से सिंचित है। अंतिम व्यक्ति की सेवा का विचार और राष्ट्रवादी भाव ही हमारा अटल संकल्प है। कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को और बुलंदियों पर ले जाएंगे।
